शब्द समर

विशेषाधिकार

भारतीय दंड संहिता के कॉपी राईट एक्ट (1957) के अंतर्गत सर्वाधिकार रचनाकार के पास सुरक्षित है|
चोरी पाए जाने पर दंडात्मक कारवाई की जाएगी|
अतः पाठक जन अनुरोध है कि बिना रचनाकार के अनुमति के रचना का उपयोग न करें, या करें, तो उसमें रचनाकार का नाम अवश्य दें|

3.4.26

जब राष्ट्र भीतर से हारता है

जब कोई राष्ट्र,
किसी अन्य राष्ट्र से पराजित होता है,
तो वह पराजय नहीं होती;
केवल उसकी सीमाओं की
या उसके शासक की
वह होती है उससे भी व्यापक
और कहीं अधिक गहरी।

उस क्षण—
सबसे पहले आहत होता है
उस राष्ट्र का सम्विधान,
उसकी आत्मा में रची-बसी संस्कृतियाँ,
उसकी जीवित परम्पराएँ,
उसकी सम्वेदनशील रीतियाँ,
और उसकी मधुर भाषाएँ।

पराजित होता है—
वह प्रत्येक नागरिक,
जो अपने राष्ट्र से,
प्राणों से भी अधिक प्रेम करता है;
जिसकी धड़कनों में
अपने देश का स्पन्दन बसता है।

यह पराजय मात्र एक घटना नहीं,
बल्कि एक ऐसे युग का आरम्भ है,
जिसमें परिवर्तन हो जाते हैं अनिवार्य—
ऐसे परिवर्तन,
जिन्हें कोई भी अपनाना नहीं चाहता स्वेच्छा से।

विजेता राष्ट्र का शासन,
अपने नवीन सम्विधान
और कठोर प्रावधानों के बल पर,
थोप देता है
अपने नियमों और व्यवस्थाओं को। 

परिणामस्वरूप—
पराजित राष्ट्र का प्रत्येक व्यक्ति
विवश हो जाता है,
उन परिवर्तनों को स्वीकारने के लिए;
भले ही उसके हृदय में
पीड़ा, अस्वीकार
और असहायता की
गहरी लहरें उठती रहें।

इस प्रकार—
एक राष्ट्र की हार
केवल युद्धभूमि पर नहीं होती;
वह उसकी आत्मा,
उसकी पहचान,
और उसके अस्तित्व की गहराइयों तक
उतरकर—

उसे भीतर तक झकझोर देती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें